हिन्दी

चौंतीसवाँ दिन – “मुझे प्यास लगी है”


वीडियो संस्करण

इसके बाद, यह जानते हुए कि अब सब कुछ पूरा हो चुका है, येसु ने पवित्र शास्त्र का कथन पूरा करने के लिए कहा, “मुझे प्यास लगी है।” वहाँ साधारण दाखरस से भरा एक पात्र रखा था। इसलिए उन्होंने दाखरस में भिगोए हुए एक स्पंज को जूफ़े की एक टहनी पर लगाया और उसे उनके मुँह तक पहुँचाया। योहन 19:28-29

जब हमारी धन्य माता ने अपने पुत्र को ये शब्द कहते सुना, “मुझे प्यास लगी है,” तो उन्होंने तुरंत उनकी प्यास बुझानी चाही होगी। वे उनकी शारीरिक प्यास पर ध्यान दे रही थीं, लेकिन उनकी आध्यात्मिक प्यास पर उनका ध्यान और भी अधिक था।

जब सैनिक ने एक स्पंज लिया, उसे दाखरस में भिगोया और उनके मुँह से लगाया, तो दयालुता के इस कार्य से माता को कुछ सांत्वना मिली होगी। लेकिन उन्होंने इस कार्य में एक गहरा अर्थ भी देखा होगा। वह सैनिक पतित मानवजाति का प्रतीक था और खट्टा दाखरस हमारी अव्यवस्थित दशा का प्रतीक था। लेकिन येसु हमें हमारी इसी अव्यवस्थित दशा से मुक्त करने के लिए लालायित थे। उन्हें “नया दाखरस” या “झरने का शुद्ध पानी” नहीं चाहिए था। वे पतित मानवजाति को चाहते थे। उनकी प्यास यह थी कि हम अपनी दुर्बलता और पाप की दशा में उनके पास आएँ। हमारी धन्य माता ने इस गहरे प्रतीकात्मक अर्थ को समझ लिया होगा।

येसु आज भी पुकारते हैं, “मैं प्यासा हूँ!” वे आपके लिए प्यासे हैं। बहुत बार हमें लगता है कि हम उनकी प्यास बुझाने के लिए उनके पास तभी आ सकते हैं, जब हम स्वर्गदूतों जैसे निर्मल होकर आएँ। बहुत बार हम मान लेते हैं कि येसु हमें देखकर तभी मुस्कुराते हैं, जब हम पापरहित होकर आते हैं। लेकिन यह सच नहीं है। उन्होंने इतनी क्रूर मृत्यु इसीलिए सही कि हम अपने टूटेपन में उनके पास आ सकें। हम अपने पाप और अपने जीवन की अव्यवस्था के साथ दुःख सहते और प्यासे ख्रीस्त के पास आते हैं। हम ताज़ा दाखरस नहीं, खट्टा दाखरस हैं। लेकिन जब हम इस दशा में भी अपने प्रभु के पास आने से स्वयं को नहीं रोकते, तो उनकी प्यास बुझती है।

आपकी आत्मा की दशा कैसी है? क्या आपको अपने पाप पर शर्म आती है? क्या आप यह मानकर अपने को कुछ और दिखाने का ढोंग करते हैं कि येसु आपको तभी स्वीकार करेंगे, जब आप पूर्ण होंगे? यह बात सच्चाई से बिल्कुल परे है। अपनी सारी कमज़ोरियों, संघर्षों और पापों के साथ हमारे प्रभु के पास आने में संकोच न करें। इस बात की चिंता न करें कि वे क्या सोचेंगे या कहेंगे। उनके पास आएँ। यदि आपको उन पर भरोसा है, तो अपने पापी स्वरूप को विनम्रतापूर्वक उन्हें अर्पित करने का आपका यह कार्य उनकी आत्मा को ताज़गी देगा।

आज, मृत्यु के निकट हमारे प्रभु के उन दो पवित्र शब्दों पर मनन करें, “मैं प्यासा हूँ।” यह जान लें कि वे आपके लिए प्यासे हैं और आप जैसे हैं, वैसे ही आपको चाहते हैं। उनके पास जाएँ, अपने को उन्हें समर्पित करें और उन्हें आनंदित करें। हमारी धन्य माता आपकी राह देख रही हैं और प्रतीक्षा कर रही हैं कि आप उनके दिव्य पुत्र के हृदय की लालसा तृप्त करें।

मेरी परम प्रिय माता, अपने पुत्र के हृदय की आध्यात्मिक प्यास पर आपका ध्यान था। आपको इस बात का भी ध्यान था कि वे मेरे लिए और समस्त मानवजाति के लिए प्यासे थे। मेरे लिए प्रार्थना करें कि मैं उस खट्टे दाखरस जैसा बन सकूँ, जिसे आपके दिव्य पुत्र के होंठों तक उठाया गया था।

मेरी स्नेहमयी माता, मेरे लिए प्रार्थना करें कि मैं अपने पाप को देख सकूँ और इस दशा में आपके पुत्र के पास जाने में संकोच न करूँ। मेरी प्रार्थना है कि मुझे अपनी कमज़ोरी में उनके पास आने का आवश्यक साहस मिले, ताकि मैं आपके पुत्र के हृदय और आपके अपने निष्कलंक हृदय की प्यास बुझा सकूँ।

मेरे प्यासे प्रभु, मुझे ज्ञात है कि क्रूस से कहे गए आपके शब्द मुझे आपकी आध्यात्मिक लालसा तृप्त करने का निमंत्रण दे रहे थे। यह भरोसा रखने में मेरी सहायता करें कि मेरी वर्तमान दशा में भी आप मुझसे प्रेम करते हैं। मुझे वह साहस दें जिसकी मुझे आपकी दया पर भरोसा रखने और आज आपकी ओर मुड़ने के लिए आवश्यकता है। प्रिय प्रभु, मुझे आपसे प्रेम है। आपसे और अधिक प्रेम करने में मेरी सहायता करें।

हे माता मरियम, मेरे लिए प्रार्थना करें। हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।

पैंतीसवाँ दिन – “सब पूरा हो गया”

विषय-सूची


ई-बुक & पेपरबैक में भी उपलब्ध!

इस पृष्ठ को साझा करें: