हिन्दी

पास्का का सातवाँ सप्ताह

(कई धर्मप्रांतों में आज स्वर्गारोहण का महापर्व मनाया जाता है। यदि आपके धर्मप्रांत में आज स्वर्गारोहण मनाया जाता है, तो पिछले गुरुवार का मनन देखें)

येसु की प्रार्थना

पास्का का सातवाँ रविवार (जब स्वर्गारोहण गुरुवार को मनाया गया हो)

“पिता, वह घड़ी आ गई है। अपने पुत्र को महिमा प्रदान कीजिए, ताकि आपका पुत्र आपकी महिमा प्रकट करे। आपने उसे सभी लोगों पर अधिकार दिया है, ताकि वह उन सबको अनन्त जीवन दे जिन्हें आपने उसे सौंपा है।” योहन 17:1–2 (वर्ष A का सुसमाचार)

योहन के सुसमाचार के अध्याय 17 को येसु की महायाजकीय प्रार्थना कहा जाता है। यह एक लंबी और सुंदर प्रार्थना है, जिसे मनन के लिए पूरा पढ़ना सार्थक होगा।

येसु आरंभ में पिता से कहते हैं कि “वह घड़ी आ गई है।” उनके दुःखभोग और मृत्यु की घड़ी आ पहुँची है। लेकिन वे इसे अपनी महिमा प्रकट होने के अवसर के रूप में देखते हैं। योहन के सुसमाचार में, और विशेष रूप से इस प्रार्थना में, यह एक महत्वपूर्ण प्रकाशन है। केवल मानवीय दृष्टि से क्रूस भयानक है। लेकिन ईश्वरीय दृष्टि से, या पिता की इच्छा और संसार के उद्धार की दृष्टि से, वह महिमामय है और वह क्षण है जिसमें येसु क्रूस के अपने सिंहासन पर विराजमान होते हैं। यह महिमामय है क्योंकि वे स्वेच्छा से स्वीकार किए गए दुःखभोग द्वारा पिता की इच्छा को पूर्ण रूप से पूरा करते हैं।

इसके बाद येसु विशेष रूप से प्रेरितों के लिए प्रार्थना करते हैं। वे उनके मिशन के लिए प्रार्थना करते हैं, जिससे उन्हें वह कृपा मिले जिसकी उन्हें भी पिता की इच्छा को स्वीकार करने और येसु का कार्य जारी रखने के लिए आवश्यकता है। वे जानते हैं कि पिता की इच्छा के अनुसार अपने क्रूसों को स्वीकार करके ही वे महिमा प्राप्त कर सकेंगे।

अंत में, येसु उन लोगों के लिए प्रार्थना करते हैं जो प्रेरितों की सेवा द्वारा विश्वास में आएँगे। वे विशेष रूप से उनकी एकता के लिए प्रार्थना करते हैं। येसु जिस एकता की बात कर रहे हैं, वह स्वर्गिक पिता के साथ संयुक्त होने से आती है। यही एकता सबको महिमा की ओर ले जाती है। और फिर, यह एकता पिता की इच्छा के साथ पूर्ण रूप से एक होने से ही प्राप्त होती है।

आज इस सुंदर प्रार्थना पर मनन करें और ऐसा करते हुए प्रभु को अपने आपसे बात करने दें। सुनें कि वे आपको पूर्ण परिपूर्णता और महिमा की ओर बुला रहे हैं। लेकिन जान लें कि यह आपकी “घड़ी” को स्वीकार करने से ही प्राप्त होती है। पिता आपको अपने पुत्र के पदचिह्नों पर चलने के लिए बुला रहे हैं, ताकि आप उनकी इच्छा के प्रति पूर्ण आज्ञाकारिता में अपना जीवन अर्पित कर दें। इस क्रूस को स्वीकार करना ही स्वर्ग का मार्ग है, और येसु की प्रार्थना वह सारी कृपा प्रदान करती है जिसकी आपको “हाँ” कहने के लिए आवश्यकता है।

हे स्वर्गीय पिता, हर बात में आपकी पूर्ण और पवित्र इच्छा को अपनाने का मेरा संकल्प है। जीवन में अपने क्रूसों को अपनाने और उस घड़ी में प्रवेश करने के आपके निमंत्रण को मेरी स्वीकृति है, जिसके लिए आपने मुझे बुलाया है। इस घड़ी में मुझे सच्ची महिमा मिले और मेरा जीवन सदा आपकी महिमा करे। हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।


मसीह में एकता और पूर्णता

पास्का का सातवाँ रविवार (जब स्वर्गारोहण गुरुवार को मनाया गया हो—वर्ष C)

स्वर्ग की ओर आँखें उठाकर येसु ने यह प्रार्थना की: “हे पवित्र पिता, मैं न केवल इनके लिए, बल्कि उन सबके लिए भी प्रार्थना करता हूँ जो इनके वचन द्वारा मुझ पर विश्वास करेंगे, ताकि वे सब एक हों। जैसे आप, पिता, मुझ में हैं और मैं आप में, वैसे ही वे भी हम में हों, ताकि संसार विश्वास करे कि आपने मुझे भेजा है। और जो महिमा आपने मुझे दी है, वह मैंने उन्हें दी है, ताकि वे एक हों, जैसे हम एक हैं…” योहन 17:20–22

कितनी अद्भुत प्रार्थना है! इस प्रार्थना के अर्थ को अनदेखा न करें। यह येसु की महायाजकीय प्रार्थना है, जो उन्होंने अपनी गिरफ़्तारी से ठीक पहले की थी। इसी प्रार्थना के साथ अंतिम भोज का समापन होता है, जिसमें येसु ने परमपवित्र परमप्रसाद की स्थापना की थी। यह वास्तव में उनकी परमप्रसादीय प्रार्थना है, जो क्रूस पर उनके जीवन के अर्पण में अपनी पराकाष्ठा तक पहुँचती है। यह केवल एक प्रार्थना नहीं है; यह उस जीवन के बारे में एक शिक्षा भी है, जिसमें हमारे प्रभु के साथ सहभागी होने का हमें निमंत्रण मिला है।

ध्यान दें कि ऊपर उद्धृत अंश में येसु ने केवल शिष्यों के लिए ही प्रार्थना नहीं की, “बल्कि उन सबके लिए भी जो इनके वचन द्वारा मुझ पर विश्वास करेंगे।” दूसरे शब्दों में, येसु आपके लिए और उन सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे थे जो सुसमाचार सुनेंगे और उसका प्रत्युत्तर देंगे। और उनकी प्रार्थना यह थी कि आप उस पूर्ण एकता में सहभागी हों जो येसु और पिता के बीच है। उन्होंने प्रार्थना की कि सब उसी प्रकार एक हों, जैसे वे और पिता एक हैं। सचमुच, यह कितनी अद्भुत प्रार्थना है!

सबसे पहले, एकता की अवधारणा को समझना ज़रूरी है। हममें से हर एक के भीतर किसी दूसरे से जुड़ने की गहरी लालसा है। विवाह का आकर्षण, माता या पिता और संतान के बीच का प्रेम, मित्रों की चाह और एक समुदाय के रूप में एक-दूसरे से जुड़ना—ये सब इसी इच्छा की ओर संकेत करते हैं। हम एकता चाहते हैं। हम एक होना चाहते हैं। दुर्भाग्य से, दूसरों के साथ पवित्र एकता स्थापित करने की हमारी स्वाभाविक क्षमता को मूल पाप ने गहरा घाव पहुँचाया। इसी कारण ईश्वर के पुत्र का सबसे प्रमुख मिशन केवल खोई हुई चीज़ को पुनः स्थापित करना ही नहीं, बल्कि उसे और भी महान रूप देना था। अब येसु के जीवन, मृत्यु और पुनरुत्थान के कारण हम न केवल एक-दूसरे के साथ शांति से जी सकते हैं, बल्कि स्वयं ईश्वर के साथ एक नई आध्यात्मिक एकता में भी सहभागी हो सकते हैं। यह एकता हमारे अस्तित्व की सबसे गहरी तह तक पहुँचती है।

अपने भीतर झाँकें और दूसरों के साथ एकात्मता की अपनी सहज इच्छा को पहचानने का प्रयास करें। सही समझ के साथ इस इच्छा पर मनन करना बहुत सांत्वनादायक और आकर्षक होता है। यदि आप इसमें से स्वार्थ, वासना और दूसरों पर अधिकार जमाने की भावना को अलग कर सकें, तो जो बचता है, वह दूसरों के साथ एक होने की एक अत्यंत पवित्र इच्छा है। अपने भीतर इस इच्छा को पहचानने का प्रयास करें।

जब आप उस इच्छा को पहचानें जिसे ईश्वर ने आपके भीतर रखा है, तो येसु की महायाजकीय प्रार्थना से सीखें। समझें कि यह इच्छा परम पवित्र त्रित्व के जीवन और एकता में प्रवेश करने से ही पूरी तरह तृप्त होती है। हमें स्वयं ईश्वर के जीवन में सहभागी होने के लिए बुलाया गया है। जब ऐसा होता है, तब हम एक-दूसरे के साथ पूर्ण और पवित्र एकता में भी सहभागी होते हैं। इस जीवन में पवित्र विवाह उस भावी एकता की धरती पर एक पूर्वछवि है। स्वर्ग में, जिस दिव्य विवाह के लिए हमें बुलाया गया है, वह हमारी हर मानवीय इच्छा की तृप्ति संभव करेगा।

आज अपने भीतर दूसरों के साथ एकता में जीने के आकर्षण पर मनन करें। इस इच्छा पर विचार करते समय जानें कि यह केवल परम पवित्र त्रित्व के उस निमंत्रण को स्वीकार करने से पूरी हो सकती है, जो हमें उनके दिव्य जीवन में सहभागी होने के लिए दिया गया है। पिता से की गई येसु की प्रार्थना को प्रार्थनापूर्वक पढ़ें और जानें कि वे यह प्रार्थना आपके लिए कर रहे थे। इस प्रार्थना में उनके साथ जुड़ें और इसे अपनी प्रार्थना बना लें, ताकि आपकी हर मानवीय इच्छा ईश्वर में तृप्त होने लगे।

हे परम पवित्र त्रित्व, आपने मुझे अपने महिमामय जीवन में सहभागी होने का निमंत्रण दिया है। आप मुझे अपनी आपसी एकता में सहभागी होने के लिए बुलाते हैं। कृपया मुझे हर स्वार्थी इच्छा से शुद्ध करें और मेरे भीतर केवल आपकी चाह भर दें। आपके साथ यह एकता मुझे पूर्ण तृप्ति दे और दूसरों के साथ सच्ची एकता प्राप्त करने में समर्थ बनाए। हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।


दृढ़संकल्प रहना

पास्का के सातवें सप्ताह का सोमवार

“अब हम समझ गए हैं कि आप सब कुछ जानते हैं और आपको इसकी आवश्यकता नहीं कि कोई आपसे प्रश्न पूछे। इसी कारण हम विश्वास करते हैं कि आप ईश्वर के यहाँ से आए हैं।” येसु ने उन्हें उत्तर दिया, “क्या अब तुम विश्वास करते हो? देखो, वह घड़ी आ रही है, बल्कि आ ही गई है, जब तुम सब तितर-बितर होकर अपने-अपने घर चले जाओगे और मुझे अकेला छोड़ दोगे।”  योहन 16:30–32

क्या आपको येसु में विश्वास हो गया है?  वह विश्वास कितना गहरा है?  और आप विश्वास क्यों करते हैं?  आपके सामने चाहे जो भी आए, क्या आप उस विश्वास पर दृढ़ रहने के लिए तैयार और इच्छुक हैं?  क्या आप उनका अनुसरण करने के लिए तैयार हैं, भले ही ऐसा करना कठिन हो और लोगों को पसंद न आए?  क्या आप अपने विश्वास के कारण दुःख सहने के लिए तैयार हैं?  ये महत्वपूर्ण प्रश्न हैं।  हमें इन प्रश्नों का उत्तर तब भी देना चाहिए जब ख्रीस्तीय होना आसान हो और तब भी जब यह कठिन हो।  

जब बाकी सब भी ऐसा कर रहे हों, तो ख्रीस्तीय होना और येसु का अनुसरण करना आसान होता है। उदाहरण के लिए, बपतिस्मा या विवाह के अवसर पर यह स्वाभाविक है कि हम भी उसमें शामिल होना चाहें और दूसरों को बताएँ कि वे जो कर रहे हैं, उसमें हमारा समर्थन और विश्वास है। लेकिन उन क्षणों का क्या, जब आपके विश्वास का उपहास किया जाता है या उसे तुच्छ समझा जाता है? या जब आपको समाज और संस्कृति के दबावों से मुँह मोड़कर अपने विश्वास के लिए अलग खड़े होने का कठिन निर्णय लेना पड़ता है? ऐसे समय में ख्रीस्त का अनुयायी होना अधिक चुनौतीपूर्ण होता है।

आज के सुसमाचार में बहुत-से लोग येसु की शिक्षा का विश्लेषण कर रहे थे, उनकी बातें सुन रहे थे और उनके बारे में चर्चा कर रहे थे।  यह स्पष्ट लगता है कि आम सहमति यही थी कि येसु एक पवित्र पुरुष और महान नबी हैं।  बहुत-से लोग तो यह विश्वास भी करने लगे थे कि वे मसीह हैं।  इसलिए एक प्रकार का सकारात्मक माहौल बन गया था, जिसमें बहुत-से लोगों के लिए यह कहना आसान हो गया था कि वे येसु में विश्वास करते हैं और यह मानते हैं कि वे ईश्वर के यहाँ से आए हैं।

येसु तुरंत उन्हें बताते हैं कि यद्यपि वे अभी विश्वास करते हैं, फिर भी जल्द ही ऐसा समय आएगा जब लगभग सभी उन्हें छोड़ देंगे; वे तितर-बितर हो जाएँगे और उन्हें अकेला छोड़ देंगे।  यह स्पष्ट रूप से उन पर होने वाले अत्याचार और उन्हें क्रूस पर चढ़ाए जाने की भविष्यवाणी है।

हमारे विश्वास की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक यह देखना है कि जब ख्रीस्त का अनुसरण करना उतना लोकप्रिय नहीं होता, तब हम कितने निष्ठावान रहते हैं। आसान समय की अपेक्षा ऐसे ही क्षणों में हमें अपना विश्वास प्रकट करने और ख्रीस्तीय बने रहने के अपने संकल्प को और गहरा करने का अवसर मिलता है।

आज मनन करें कि ख्रीस्त के प्रति आपकी प्रतिबद्धता कितनी गहरी है। क्या आप क्रूस तक उनका अनुसरण करने के लिए तैयार हैं? क्या आप उनका अनुसरण करने के लिए सब कुछ छोड़ने को तैयार हैं? आशा है कि आपका उत्तर एक दृढ़ ‘हाँ’ होगा। यह ऐसी ‘हाँ’ होनी चाहिए जो हमारे जीवन को दिशा दे, चाहे हम जीवन की किसी भी परिस्थिति में हों।

हे प्रभु, मुझे सचमुच विश्वास है।  आप में मेरा यह विश्वास हर समय दृढ़ बना रहे, इसमें मेरी सहायता करें।  आपको ‘हाँ’ कहने और सदा उसी ‘हाँ’ के अनुसार जीने में मेरी सहायता करें।  हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।


महिमामंडन 

पास्का काल के सातवें सप्ताह का मंगलवार

येसु ने स्वर्ग की ओर आँखें उठाकर कहा, “पिता, वह घड़ी आ गई है। अपने पुत्र को महिमा प्रदान कीजिए, ताकि आपका पुत्र आपकी महिमा करे।” योहन 17:1

पुत्र को महिमा प्रदान करना पिता का कार्य है, लेकिन यह एक ऐसा कार्य भी है जिस पर हम सभी को ध्यान देना चाहिए!

सबसे पहले, हमें यह पहचानना चाहिए कि येसु जिस “घड़ी” की बात करते हैं, वह उनके क्रूस पर चढ़ाए जाने की घड़ी है।  पहली नज़र में यह दुःख का क्षण लग सकता है।  लेकिन ईश्वरीय दृष्टि से येसु इसे अपनी महिमा की घड़ी के रूप में देखते हैं।  यह वह घड़ी है जब स्वर्ग में पिता उन्हें महिमा प्रदान करते हैं, क्योंकि उन्होंने पिता की इच्छा को पूरी तरह पूरा किया।  संसार के उद्धार के लिए उन्होंने अपनी मृत्यु को पूरी तरह स्वीकार किया।  

हमें इसे अपने मानवीय दृष्टिकोण से भी देखना चाहिए। अपने दैनिक जीवन के संदर्भ में हमें यह समझना चाहिए कि इस “घड़ी” को हम निरंतर स्वीकार कर सकते हैं और फलदायी बना सकते हैं। येसु की इस “घड़ी” को हमें निरंतर अपने जीवन में जीना चाहिए। कैसे? अपने जीवन में क्रूस को निरंतर स्वीकार करके, ताकि यह क्रूस भी महिमान्वयन का क्षण बन जाए। ऐसा करने पर हमारे क्रूसों को एक ईश्वरीय अर्थ मिलता है; वे ईश्वरीय स्वरूप धारण करके ईश्वर की कृपा का स्रोत बन जाते हैं।

सुसमाचार की सुंदरता यह है कि हम जो भी दुःख सहते हैं, जो भी क्रूस उठाते हैं, वह ख्रीस्त के क्रूस को प्रकट करने का अवसर है। वे हमें बुलाते हैं कि हम अपने जीवन में उनके दुःखभोग और मृत्यु को जीकर निरंतर उनकी महिमा करें।

आज उन कठिनाइयों पर मनन करें जिन्हें आप सहते हैं।  और जानें कि यदि आप ख्रीस्त को ऐसा करने दें, तो उनमें आपकी वे कठिनाइयाँ उनके उद्धारकारी प्रेम में सहभागी हो सकती हैं। 

हे येसु, मेरा क्रूस और मेरी कठिनाइयाँ आपके हाथों में समर्पित हैं।  आप ईश्वर हैं और आप सब कुछ महिमा में बदल सकते हैं।  हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।


इस संसार में टिके रहना

पास्का काल के सातवें सप्ताह का बुधवार

“मैंने उन्हें आपका वचन दिया और संसार ने उनसे बैर किया, क्योंकि वे संसार के नहीं हैं, जैसे मैं भी संसार का नहीं हूँ। मैं यह नहीं माँगता कि आप उन्हें संसार से उठा लें, बल्कि यह कि आप उन्हें दुष्ट से बचाए रखें। वे संसार के नहीं हैं, जैसे मैं भी संसार का नहीं हूँ। उन्हें सत्य में पवित्र करें। आपका वचन सत्य है।”  योहन 17:14–17

“उन्हें सत्य में पवित्र करें।  आपका वचन सत्य है।”  यही बचे रहने की कुंजी है!  

पवित्र शास्त्र उन तीन प्रमुख प्रलोभनों को प्रकट करता है जिनका हम जीवन में सामना करते हैं: शरीर, संसार और शैतान। ये तीनों हमें भटकाने का काम करते हैं। लेकिन एक ही चीज़ से इन तीनों पर विजय पाई जा सकती है…सत्य से।

ऊपर दिया गया सुसमाचार का यह अंश विशेष रूप से “संसार” और “दुष्ट” की बात करता है। वह दुष्ट, जो शैतान है, वास्तव में अस्तित्व में है। वह हमसे घृणा करता है और हमें गुमराह करने तथा हमारा जीवन नष्ट करने के लिए हर संभव प्रयास करता है। वह हमारे मन को खोखले वादों से भरने की कोशिश करता है, क्षणिक सुख का प्रलोभन देता है और स्वार्थी महत्त्वाकांक्षाओं को बढ़ावा देता है। वह आरंभ से ही झूठा था और आज तक झूठा बना हुआ है।

येसु के सार्वजनिक सेवाकार्य के आरंभ में, उनके चालीस दिन के उपवास के दौरान, शैतान ने उन्हें जो प्रलोभन दिए, उनमें से एक था संसार की हर वस्तु प्राप्त कर लेने का प्रलोभन। शैतान ने येसु को पृथ्वी के सभी राज्य दिखाए और कहा, “यदि आप साष्टांग दण्डवत् करके मेरी आराधना करें, तो मैं यह सब आपको दे दूँगा।”

सबसे पहले, यह एक मूर्खतापूर्ण प्रलोभन था, क्योंकि येसु पहले से ही सभी चीज़ों के सृष्टिकर्ता थे। फिर भी, उन्होंने शैतान को इस सांसारिक आकर्षण के द्वारा अपनी परीक्षा लेने दी। उन्होंने ऐसा क्यों किया? क्योंकि येसु जानते थे कि हम सब संसार के अनेक आकर्षणों से प्रलोभित होंगे। “संसार” से हमारा मतलब कई बातों से है। आज के समय में एक बात जो मन में आती है, वह है संसार की स्वीकृति पाने की चाह। यह एक ऐसी बला है जो बहुत सूक्ष्म ढंग से काम करती है, लेकिन बहुतों को प्रभावित करती है, यहाँ तक कि हमारी कलीसिया को भी।

मीडिया और वैश्विक राजनीतिक संस्कृति के प्रबल प्रभाव के कारण, आज हम ख्रीस्तियों पर अपने युग के अनुरूप ढल जाने का दबाव पहले से कहीं अधिक है।  हमें वही करने और मानने का प्रलोभन होता है जो लोकप्रिय और समाज में स्वीकार्य है।  और जिस “सुसमाचार” को हम अपने कानों तक पहुँचने दे रहे हैं, वह नैतिक उदासीनता से भरा सांसारिक जगत है।  

संस्कृति में एक प्रबल प्रवृत्ति है कि हम ऐसे लोग बन जाएँ जो कुछ भी और सब कुछ स्वीकार करने को तैयार हों। इंटरनेट और संचार माध्यमों के कारण यह प्रवृत्ति विश्वव्यापी हो गई है। हमने नैतिक निष्ठा और सत्य का बोध खो दिया है। इसलिए आज पहले से कहीं अधिक ज़रूरी है कि हम येसु के वचनों को अपनाएँ। “आपका वचन सत्य है।” ईश्वर का वचन, सुसमाचार, हमारी धर्मशिक्षा जो कुछ सिखाती है और हमारा विश्वास जो कुछ प्रकट करता है—वह सब सत्य है। यही सत्य हमारा मार्गदर्शक प्रकाश होना चाहिए, और कुछ नहीं।

आज मनन करें कि लौकिक संस्कृति का आप पर कितना प्रभाव है। क्या आप लौकिक दबाव के आगे या हमारे समय के लौकिक “सुसमाचारों” के आगे झुक गए हैं? इन झूठों का प्रतिरोध करने के लिए दृढ़ता चाहिए। हम इनका प्रतिरोध तभी कर पाएँगे जब हम सत्य में समर्पित बने रहें।

समस्त सत्य के प्रभु, मैं अपने को सचमुच आपको समर्पित करता हूँ।  आप ही सत्य हैं।  अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखने और अपने चारों ओर फैले अनेक झूठों के बीच सही राह पाने के लिए मुझे आपके वचन की आवश्यकता है।  मुझे शक्ति और विवेक दीजिए, ताकि मैं सदा उस दुष्ट से दूर आपकी सुरक्षा में रहूँ।  हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।


स्वर्ग की ओर अपनी आँखें उठाना

पास्का के सातवें सप्ताह का गुरुवार

येसु ने स्वर्ग की ओर आँखें उठाकर प्रार्थना की: “मैं केवल इन्हीं के लिए नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए भी प्रार्थना करता हूँ जो इनके वचन द्वारा मुझ पर विश्वास करेंगे, ताकि वे सब एक हों। हे पिता, जैसे आप मुझ में हैं और मैं आप में हूँ, वैसे ही वे भी हम में हों, ताकि संसार विश्वास करे कि आपने मुझे भेजा है।”  योहन 17:20–21

“स्वर्ग की ओर अपनी आँखें उठाकर…” कितना सुंदर वाक्यांश है!

जब येसु ने स्वर्ग की ओर अपनी आँखें उठाईं, तो उन्होंने अपने स्वर्गिक पिता से प्रार्थना की। आँखें उठाने का यह कार्य पिता की उपस्थिति के एक अनूठे पहलू को प्रकट करता है। यह प्रकट करता है कि पिता सबसे परे हैं। “सबसे परे” होने का अर्थ है कि पिता सबसे ऊपर और सबकी सीमाओं से परे हैं। संसार उन्हें अपने भीतर समेट नहीं सकता। इसलिए पिता से बात करते समय येसु इस भाव-भंगिमा से शुरुआत करते हैं, जिसके द्वारा वे स्वीकार करते हैं कि पिता सबसे परे हैं।

लेकिन हमें येसु के साथ पिता के संबंध की निकटता पर भी ध्यान देना चाहिए।  “निकटता” से हमारा अर्थ है कि पिता और येसु एक होकर जुड़े हुए हैं।  उनका संबंध अपने स्वरूप में अत्यंत व्यक्तिगत है।  

हालाँकि “निकटता” और “सबसे परे होना”—ये दोनों अभिव्यक्तियाँ शायद हमारी रोज़मर्रा की शब्दावली का हिस्सा न हों, फिर भी इनके पीछे के विचारों को समझना और उन पर मनन करना उपयोगी है। हमें इनके अर्थों से भली-भाँति परिचित होने का प्रयास करना चाहिए, और विशेष रूप से यह समझना चाहिए कि पवित्र त्रित्व के साथ हमारा संबंध इन दोनों में किस प्रकार सहभागी होता है।

पिता से येसु की प्रार्थना यह थी कि हम, जो विश्वास करने लगते हैं, पिता और पुत्र की एकता में सहभागी हों। हम ईश्वर के जीवन और प्रेम में सहभागी होंगे। हमारे लिए इसका अर्थ है कि हम सबसे पहले यह देखें कि ईश्वर सबसे परे हैं। हम भी अपनी आँखें स्वर्ग की ओर उठाएँ और ईश्वर की भव्यता, महिमा, महानता, सामर्थ्य और प्रताप को देखने का प्रयास करें। वे सबसे ऊपर और सबकी सीमाओं से परे हैं।

जब हम इस तरह प्रार्थना में स्वर्ग की ओर अपनी दृष्टि उठाते हैं, तो हमें यह देखने का भी प्रयास करना चाहिए कि यही महिमामय और सबसे परे रहने वाले ईश्वर हमारी आत्माओं में उतरते हैं, हमसे संवाद करते हैं, हमसे प्रेम करते हैं और हमारे साथ एक गहरा व्यक्तिगत संबंध स्थापित करते हैं।  यह अद्भुत है कि ईश्वर के जीवन के ये दोनों पहलू कितनी अच्छी तरह एक साथ जुड़े हैं, हालाँकि पहली नज़र में वे पूरी तरह विपरीत लग सकते हैं।  वे एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि आपस में अभिन्न रूप से जुड़े हैं और हमें सब कुछ के सृष्टिकर्ता और पालनकर्ता के साथ घनिष्ठ संबंध में ले आते हैं।  

आज इस बात पर मनन करें कि विश्व के महिमामय और सर्वशक्तिमान ईश्वर आपकी आत्मा की गुप्त गहराइयों में उतर रहे हैं।  उनकी उपस्थिति को पहचानें, अपने भीतर निवास करने वाले ईश्वर की आराधना करें, उनसे बात करें और उनसे प्रेम करें।  

परम महिमामय प्रभु, प्रार्थना में सदा अपनी आँखें स्वर्ग की ओर उठाने में मेरी सहायता कीजिए।  मैं निरंतर आपकी और आपके पिता की ओर मुड़ूँ।  प्रार्थना की उस दृष्टि में, मुझे अपनी आत्मा में भी आपके जीवित होने का अनुभव मिले, जहाँ आपकी आराधना हो और आपसे प्रेम किया जाए।  हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।


क्या आप मुझसे प्रेम करते हैं?

पास्का के सातवें सप्ताह का शुक्रवार

उन्होंने तीसरी बार उससे कहा, “योहन के पुत्र सिमोन, क्या तुम मुझसे प्रेम करते हो?” पेत्रुस दुःखी हो उठा कि उन्होंने तीसरी बार उससे पूछा था, “क्या तुम मुझसे प्रेम करते हो?” और उसने उनसे कहा, “प्रभु, आप सब कुछ जानते हैं; आप जानते हैं कि मैं आपसे प्रेम करता हूँ।” येसु ने उससे कहा, “मेरी भेड़ों को चराओ।”  योहन 21:17

येसु ने पेत्रुस से तीन बार पूछा कि क्या वह उनसे प्रेम करता है।  तीन बार क्यों?  एक कारण यह था कि पेत्रुस ने तीन बार येसु को जानने से इनकार किया था और अब वह उसकी “भरपाई” कर सके।  नहीं, येसु को इसकी ज़रूरत नहीं थी कि पेत्रुस तीन बार क्षमा माँगे, लेकिन पेत्रुस को तीन बार अपना प्रेम व्यक्त करने की ज़रूरत थी और येसु यह जानते थे।

तीन पूर्णता की संख्या भी है।  उदाहरण के लिए, हम कहते हैं कि ईश्वर “पवित्र, पवित्र, पवित्र” हैं।  यह तीन बार की अभिव्यक्ति यह कहने का एक तरीका है कि ईश्वर सबसे पवित्र हैं।  पेत्रुस को तीन बार येसु से यह कहने का अवसर दिया गया कि वह उनसे प्रेम करता है। यह पेत्रुस के लिए अपने प्रेम को सबसे गहरे रूप में व्यक्त करने का अवसर था।

इस प्रकार यहाँ पेत्रुस तीन बार अपना प्रेम स्वीकार करता है और उसके तीन बार के इनकार का प्रभाव भी मिटता है।  इससे हमें समझना चाहिए कि हमें भी ईश्वर से प्रेम करने और उनकी दया माँगने की “तिगुनी” ज़रूरत है।

जब आप ईश्वर से कहते हैं कि आपको उनसे प्रेम है, तो उस प्रेम में कितनी गहराई होती है?  क्या वह केवल शब्दों तक सीमित है, या वह पूर्ण और आपके पूरे अस्तित्व को समर्पित कर देने वाला प्रेम है?  क्या ईश्वर के प्रति आपका प्रेम ऐसा है जिसे आप पूरी सच्चाई से व्यक्त करते हैं?  या उसे और गहरा बनाने की ज़रूरत है?

निश्चय ही हम सबको अपने प्रेम को और गहरा बनाने की ज़रूरत है, और इसी कारण यह अंश हमारे लिए इतना महत्त्वपूर्ण होना चाहिए।  हमें यह भी सुनना चाहिए कि येसु हमसे यही प्रश्न तीन बार पूछ रहे हैं।  हमें समझना चाहिए कि वे केवल इतना कह देने से संतुष्ट नहीं हैं, “प्रभु, मुझे आपसे प्रेम है।”  वे इसे बार-बार सुनना चाहते हैं।  वे हमसे यह इसलिए पूछते हैं क्योंकि वे जानते हैं कि हमें इस प्रेम को सबसे गहरे रूप में व्यक्त करने की ज़रूरत है।  “प्रभु, आप सब कुछ जानते हैं, आप जानते हैं कि मुझे आपसे प्रेम है!”  अंततः हमारा उत्तर यही होना चाहिए।

तीन बार पूछा गया यह प्रश्न हमें उनकी दया के लिए अपनी गहरी लालसा व्यक्त करने का अवसर भी देता है।  हम सब पाप करते हैं।  हम सब किसी न किसी तरह येसु को नकारते हैं।  लेकिन सुसमाचार यह है कि येसु हमें सदा आमंत्रित करते हैं कि हम अपने पाप को अपना प्रेम और गहरा करने की प्रेरणा बनने दें।  वे हम पर क्रोधित होकर बैठे नहीं रहते।  वे रूठते नहीं हैं।  वे हमारे पाप को लेकर हमें डराते नहीं रहते।  लेकिन वे हमसे अत्यंत गहरा पश्चाताप और हृदय का पूर्ण परिवर्तन अवश्य माँगते हैं।  वे चाहते हैं कि हम अपने पाप से पूरी तरह विमुख हो जाएँ।

आज मनन करें कि ईश्वर के प्रति आपका प्रेम कितना गहरा है और आप उसे उनके सामने कितनी अच्छी तरह व्यक्त करते हैं।  ईश्वर के प्रति अपना प्रेम तीन बार व्यक्त करने का निश्चय करें।  वह प्रेम गहरा, सच्चा और अटल हो।  प्रभु आपके हृदय से निकले इस प्रेमपूर्ण कार्य को स्वीकार करेंगे और आपको उसका सौ गुना लौटाएँगे।

मेरे प्रेममय प्रभु, आप तो जानते ही हैं कि मेरे हृदय में आपके लिए प्रेम है।  आप मेरी दुर्बलता भी जानते हैं।  आपके प्रति अपना प्रेम और आपकी दया पाने की अपनी अभिलाषा व्यक्त करने का आपका निमंत्रण मुझे सुनाई दे।  यह प्रेम और अभिलाषा मैं पूरी तरह आपको अर्पित कर सकूँ।  हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।


येसु का गुप्त जीवन

पास्का के सातवें सप्ताह का शनिवार

येसु ने और भी बहुत-से कार्य किए। यदि उनमें से हर एक का वर्णन किया जाए, तो मुझे नहीं लगता कि जो पुस्तकें लिखी जाएँगी, वे पूरे संसार में भी समा सकेंगी।  योहन 21:25

कल्पना करें कि हमारी धन्य माता को अपने पुत्र के बारे में कितनी गहरी समझ रही होगी।  उनकी माता होने के नाते, उन्होंने उनके जीवन के कितने ही छिपे हुए क्षणों को देखा और समझा होगा।  उन्होंने उन्हें वर्ष-दर-वर्ष बढ़ते देखा होगा।  उन्होंने उनके पूरे जीवन में देखा होगा कि वे दूसरों के साथ कैसे संबंध रखते और व्यवहार करते थे।  उन्होंने ध्यान दिया होगा कि वे अपनी सार्वजनिक सेवकाई की तैयारी कर रहे थे।  और वे उस सार्वजनिक सेवकाई के कितने ही छिपे हुए क्षणों तथा उनके पूरे जीवन के अनगिनत पवित्र क्षणों की साक्षी रही होंगी।  

ऊपर दिया गया पवित्रशास्त्र का यह अंश योहन के सुसमाचार का अंतिम वाक्य है, और हम इसे बहुत कम सुनते हैं।  लेकिन यह मनन के लिए कुछ बहुत रोचक बातें सामने रखता है।  ख्रीस्त के जीवन के बारे में हम जो कुछ जानते हैं, वह सब सुसमाचारों में है, लेकिन सुसमाचार की ये छोटी-सी पुस्तकें येसु के संपूर्ण व्यक्तित्व और जीवन का वर्णन करने के निकट भी कैसे पहुँच सकती हैं?  निश्चय ही वे ऐसा नहीं कर सकतीं।  ऐसा करने के लिए, जैसा कि योहन ऊपर कहते हैं, इतने पन्नों की ज़रूरत होगी कि वे पूरे संसार में भी नहीं समाएँगे।  यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है।

इसलिए पवित्र शास्त्र के इस अंश से हमें सबसे पहले यह समझना चाहिए कि हम ख्रीस्त के वास्तविक जीवन का केवल एक छोटा-सा भाग ही जानते हैं।  जो हम जानते हैं, वह महिमामय है।  लेकिन हमें यह एहसास होना चाहिए कि इसके अलावा और भी बहुत कुछ है।  और इस एहसास से हमारे मन में रुचि, लालसा और अधिक जानने की इच्छा जागनी चाहिए।  हम वास्तव में कितना कम जानते हैं, यह जानकर आशा है कि हमें ख्रीस्त को और गहराई से खोजने की प्रेरणा मिलेगी।  

लेकिन इस अंश से हमें एक दूसरी अंतर्दृष्टि भी मिलती है: भले ही मसीह के जीवन की असंख्य घटनाएँ अनगिनत पुस्तकों में भी न समा सकें, फिर भी पवित्र शास्त्र में जो कुछ लिखा है, उसमें हम स्वयं येसु को पा सकते हैं। नहीं, हो सकता है कि हमें उनके जीवन का हर विवरण न मालूम हो, लेकिन हम स्वयं उनसे मिल सकते हैं। पवित्र शास्त्र में हम ईश्वर के सजीव वचन से स्वयं साक्षात्कार कर सकते हैं, और उनसे इस साक्षात्कार और मिलन में हमें वह सब मिल जाता है जिसकी हमें आवश्यकता है।

आज इस बात पर मनन करें कि आप येसु को कितनी गहराई से जानते हैं। क्या आप पवित्र शास्त्र पढ़ने और उस पर मनन करने के लिए पर्याप्त समय देते हैं? क्या आप प्रतिदिन उनसे बात करते हैं और उन्हें जानने तथा उनसे प्रेम करने का प्रयास करते हैं? क्या वे आपके लिए उपस्थित हैं, और क्या आप भी नियमित रूप से उनके सामने उपस्थित होते हैं? यदि इनमें से किसी भी प्रश्न का उत्तर “नहीं” है, तो शायद आज ईश्वर के पवित्र वचन को और गहराई से पढ़ने का संकल्प फिर से लेने का अच्छा दिन है।

हे प्रभु, भले ही मुझे आपके जीवन के बारे में सब कुछ न मालूम हो, फिर भी आपको जानने की मेरी सच्ची अभिलाषा है। मेरी इच्छा है कि हर दिन आपसे मिलूँ, आपसे प्रेम करूँ और आपको जानूँ। आपके साथ अपने संबंध में और गहराई तक जाने में मेरी सहायता कीजिए। हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।

महोत्सव और पर्व

विषय-सूची


पेपरबैक & ई-पुस्तक के रूप में भी उपलब्ध

इस पृष्ठ को साझा करें: