विषय-सूची पर लौटें
आठवीं आज्ञा:
आप अपने पड़ोसी के विरुद्ध झूठी गवाही नहीं देंगे। (निर्गमन 20:16)
फिर आपने सुना है कि आपके पूर्वजों से कहा गया था, “झूठी शपथ मत खाओ, बल्कि प्रभु से की गई अपनी सभी मन्नतें पूरी करो।” लेकिन मैं आपसे कहता हूँ, शपथ खाओ ही मत… (मत्ती 5:33)
आठवीं आज्ञा दूसरों के साथ हमारे संबंधों में सत्य को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करने से मना करती है। (काथलिक कलीसिया की धर्मशिक्षा #2464)
येसु “मार्ग, सत्य और जीवन” हैं (योहन 14:6) और “कृपा और सत्य से परिपूर्ण” हैं (योहन 1:14)। इसका क्या अर्थ है? सबसे पहले, इसका अर्थ है कि जो कुछ भी सत्य है, उसका पूर्ण प्रकाशन वे स्वयं हैं। वे स्वयं सत्य हैं और उनका जीवन, मृत्यु और पुनरुत्थान मानवता के सबसे गहरे सत्यों को प्रकट करते हैं। येसु स्वयं हम पर प्रकट करते हैं कि जीवन का वास्तविक अर्थ क्या है, मुक्ति क्या है और ईश्वर कौन हैं। वे पिता का पूर्ण प्रकाशन हैं (योहन 12:45)। उन्हें जानना स्वयं सत्य को जानना है।
तो आप पूछेंगे, इन सबका क्या अर्थ है? येसु किस प्रकार सत्य और पिता का पूर्ण प्रकाशन हैं? यह बात ऐसी लग सकती है मानो इस प्रश्न का कोई उत्तर ही न हो, फिर भी इतना कहना पर्याप्त है कि यही “रहस्य” इस पूरे अध्याय और इस आज्ञा का मुख्य लक्ष्य है। सत्य को समझना हमारा लक्ष्य है। यह आज्ञा केवल सच बोलने और झूठ से बचने के बारे में नहीं है; इससे भी बढ़कर, यह उन्हें खोजने के बारे में है जो स्वयं सत्य हैं, और हर प्रकार से सत्य में प्रवेश करने के बारे में है।
ख्रीस्तीय होने के नाते, हमें सत्य में जीने के लिए बुलाया गया है। इसका अर्थ है कि जब ख्रीस्त येसु हममें और हम उनमें जीते हैं, तो हमें अपनी बातों और कार्यों में हर सच्ची बात के अनुरूप चलना चाहिए। सत्य की खोज करने और उसके अनुसार जीने से ही व्यक्तियों के रूप में हमारी गरिमा अपनी पूर्णता पाती है।
आठवीं आज्ञा हमें सत्य के लोग बनने के लिए बुलाती है। हमें ईमानदारी और निष्कपटता का जीवन जीना है। सच्ची सत्यनिष्ठा और सच्चाई का जीवन जीना हमारे अस्तित्व का अनिवार्य अंग है। यह आज्ञा हमें केवल असत्य से बचने के लिए नहीं बुलाती; यह हमें प्रतिदिन जीवन के सबसे गहरे और गंभीर सत्यों में प्रवेश करने, उन्हें पूरी तरह जानने और उनके अनुसार जीने का प्रयास करने के लिए भी बुलाती है।
जब हम सत्य को जानने और उसके अनुसार जीने लगते हैं, तो हमें उस सत्य की गवाही देने के लिए बुलाया जाता है; हमें अपने विश्वास और स्वयं ख्रीस्त की गवाही देने के लिए बुलाया जाता है। हम अपनी बातों और कार्यों के द्वारा अनेक तरीकों से यह गवाही देते हैं। प्रेम की गवाही सुसमाचार के संपूर्ण सत्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का एक प्रभावशाली चिह्न है।
प्रेम के सबसे महान रूपों में से एक शहादत है। शहादत ईश्वर के प्रति प्रेम की सार्वजनिक गवाही है। यह इस बात की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है कि व्यक्ति ईश्वर से अपने जीवन से भी अधिक प्रेम करता है और सत्य की पूर्णता के प्रति प्रतिबद्ध है, भले ही इस गवाही के लिए उसे अपने प्राणों का बलिदान देना पड़े। पूरे इतिहास में कलीसिया ने अनेक शहीदों को सबके सामने आदर्श के रूप में प्रस्तुत किया है। सत्य के प्रति उनकी इस सर्वोच्च गवाही के कारण शहीदों का रक्त बहुतों के लिए विश्वास का बीज बन गया है।
मूल बात: सत्य के विरुद्ध अपराध
ऐसे अनेक तरीके हैं जिनसे इस आज्ञा का सीधा उल्लंघन होता है। नीचे कुछ सबसे स्पष्ट तरीके दिए गए हैं, जिन्हें धर्मशिक्षा-ग्रंथ ने बताया है।
झूठ बोलना: झूठ बोलने का अर्थ बहुत सीधा-सादा लगता है, पर क्या सचमुच ऐसा है? खुले झूठ तो स्पष्ट हो सकते हैं, लेकिन झूठ के कुछ रूप इतने स्पष्ट और प्रत्यक्ष नहीं होते। झूठ कई तरीकों से बोला जा सकता है। पहला, जब कोई व्यक्ति जानबूझकर और अपनी इच्छा से एक या अधिक लोगों के सामने तथ्यों को झुठलाता है, तो वह झूठ बोलता है। यह जानबूझकर और अपनी इच्छा से किया गया छल तब गंभीर होता है, जब जिस विषय में झूठ बोला गया है वह अधिक गंभीर हो। तथ्यों को सीधे और जानबूझकर गलत रूप में प्रस्तुत करना हमेशा एक गंभीर विषय है।
फिर भी, कभी-कभी हम कम गंभीर, लेकिन फिर भी झूठ ही रहने वाली बातों के लिए “छोटे-मोटे झूठ” शब्द का प्रयोग करते हैं। उदाहरण के लिए, यदि कोई आपसे पूछे कि उसने अभी जो भोजन बनाया है, वह आपको पसंद आया या नहीं, और आप कहें कि वह “बहुत अच्छा” है, जबकि ऐसा नहीं है, तो इसे “छोटा-मोटा झूठ” माना जा सकता है। ऐसे छोटे-मोटे झूठों से भी बचने का ध्यान रखना चाहिए। फिर भी, इसका यह अर्थ नहीं है कि दूसरों को चोट पहुँचाने वाले सत्य बताना अपने-आप हमारा कर्तव्य बन जाता है।
तथ्यों को छिपाकर भी झूठ बोला जा सकता है। इसे हम “तथ्य छिपाकर बोला गया झूठ” कहते हैं। कुछ तथ्यों को न बताना कभी-कभी तथ्यों को खुलेआम गलत रूप में प्रस्तुत करने से भी अधिक हानिकारक हो सकता है, क्योंकि झूठ के इस रूप में दुर्भावना और छल होता है। उदाहरण के लिए, मान लीजिए कि कार बेचने वाला एक व्यक्ति पुरानी कार बेचने की कोशिश कर रहा है और संभावित खरीदार को बताता है कि उसके ओडोमीटर पर 75,000 मील दर्ज हैं। लेकिन वह यह नहीं बताता कि वास्तव में वह ओडोमीटर दूसरी कार से निकालकर इस कार में लगाया गया था, क्योंकि बेची जा रही कार असल में 150,000 मील चल चुकी है। उसने जो कहा, वह सच है: “ओडोमीटर पर 75,000 मील दर्ज हैं।” लेकिन यह न बताना कि मौजूदा ओडोमीटर इस कार का मूल ओडोमीटर नहीं है, स्पष्ट रूप से धोखा देना है।
झूठी शपथ: झूठी शपथ का अर्थ है शपथ लेकर झूठ बोलना, जो आम तौर पर किसी लौकिक न्यायालय में होता है। जब इस झूठ से किसी दूसरे को हानि पहुँचती है, तो झूठी शपथ विशेष रूप से गंभीर होती है। उदाहरण के लिए, यदि किसी मुकदमे में झूठ बोलने के कारण किसी व्यक्ति को गलत ढंग से दोषी ठहरा दिया जाता है, तो वह झूठी शपथ बहुत गंभीर है। जैसा कि ऊपर कहा गया है, तथ्यों को छिपाना भी झूठ हो सकता है। इसलिए, यदि कोई व्यक्ति किसी न्यायिक कार्यवाही में या शपथ के अधीन जानबूझकर तथ्य छिपाता है, तो वह पाप करता है। भले ही आवश्यक तथ्य छिपाकर वह तकनीकी रूप से झूठी शपथ संबंधी नागरिक कानून का उल्लंघन न करता हो, फिर भी पूरा सत्य प्रकट न करने के कारण वह ईश्वर के सामने पाप करता है।
दूसरों का अच्छा नाम: कलीसिया ने हमेशा अच्छी प्रतिष्ठा के महत्त्व और दूसरे के अच्छे नाम को हानि पहुँचाने की गंभीरता को पहचाना है। दूसरे के अच्छे नाम को कई तरीकों से हानि पहुँचाई जा सकती है। सीधे और दुर्भावनापूर्ण झूठ बोलना, साथ ही उन महत्त्वपूर्ण तथ्यों को जानबूझकर छिपाना जिन्हें बताया जाना चाहिए, ये सभी आठवीं आज्ञा के विरुद्ध पाप हैं। उन “सच्चाइयों” को प्रकट करना भी पाप है जिन्हें प्रकट नहीं किया जाना चाहिए।
धर्मशिक्षा-ग्रंथ (#2477) किसी व्यक्ति की अच्छी प्रतिष्ठा के विरुद्ध इन अपराधों की बहुत स्पष्ट व्याख्या करता है, जिसे यहाँ पूरा उद्धृत करना उचित है:
व्यक्तियों की प्रतिष्ठा के प्रति सम्मान ऐसे हर रवैये और शब्द को वर्जित करता है जिससे उन्हें अन्यायपूर्ण हानि पहुँचने की संभावना हो (देखें CIC, can. 220)। व्यक्ति दोषी होता है:
–उतावले निर्णय का, जब वह पर्याप्त आधार के बिना किसी पड़ोसी के नैतिक दोष को सच मान लेता है, भले ही वह इसे केवल मन ही में माने;
–परनिंदा का, जब वह वस्तुनिष्ठ रूप से उचित कारण के बिना दूसरे के दोषों और कमियों को ऐसे लोगों के सामने प्रकट करता है जो उन्हें नहीं जानते थे; (देखें सिराख 21:28)
–मिथ्या निंदा का, जब वह सत्य के विपरीत बातें कहकर दूसरों की प्रतिष्ठा को हानि पहुँचाता है और उनके बारे में गलत निर्णय किए जाने का अवसर देता है।
ध्यान दें कि यहाँ सत्य के विरुद्ध पापों के तीन स्तर बताए गए हैं। पहला है उतावला निर्णय। यह हमें बताता है कि हमें बिना आधार के सबसे बुरा मान नहीं लेना चाहिए। उतावला निर्णय कभी शब्दों में व्यक्त न भी हो, फिर भी वह मन में किया जा सकता है। इससे भी दूसरे को नुकसान पहुँचता है और यह सत्य के विरुद्ध है।
दूसरा है परनिंदा। इसका अर्थ है किसी सच्ची बात को ऐसे लोगों के सामने कहना जिन्हें उसे सुनने का अधिकार नहीं है। उदाहरण के लिए, चुगली परनिंदा का एक रूप है। भले ही कही गई बात सच हो, फिर भी यह आठवीं आज्ञा के विरुद्ध पाप है, क्योंकि यह ऐसी सच्चाई है जिसे दूसरे के सामने प्रकट नहीं किया जाना चाहिए था।
तीसरा, मिथ्या निंदा का अर्थ है किसी दूसरे के बारे में ऐसी बात कहना जो झूठी हो और उसे बदनाम करती हो। यह दूसरे की अच्छी प्रतिष्ठा के विरुद्ध सबसे बुरा पाप है। जब ऊपर बताए गए किसी भी तरीके से दूसरे के अच्छे नाम को हानि पहुँचाई जाती है, तो उसकी भरपाई करना आवश्यक है। सबसे पहले, हृदय से पश्चाताप करना आवश्यक है, लेकिन इतना ही पर्याप्त नहीं है। जहाँ तक संभव हो, पाप करने वाले व्यक्ति को उस व्यक्ति का अच्छा नाम फिर से स्थापित करने के लिए हर उचित और प्रेमपूर्ण प्रयास करना चाहिए, जिसे उसने हानि पहुँचाई है।
डींग मारना: डींग मारना या शेखी बघारना पहली नज़र में पाप न लगे—लेकिन यह पाप है। मिथ्या निंदा और परनिंदा की तरह, डींग मारने में भी बातें प्रकट की जाती हैं; यहाँ व्यक्ति अपने बारे में सच्ची बातें अनुचित ढंग से या घमंड और आत्मसंतुष्टि के लिए प्रकट करता है। यह दूसरों का ध्यान अपनी ओर खींचने का कार्य है और विनम्रता की सबसे गहरी सच्चाइयों के विरुद्ध है। इसी प्रकार, दूसरे की चापलूसी करना छलपूर्ण है और इस आज्ञा के विरुद्ध पाप है।
क्या मुझे जानने का अधिकार है?
आज के समय में हम यह मानने लगे हैं कि हमें हर किसी के बारे में लगभग सब कुछ जानने का अधिकार है। खासकर सोशल मीडिया ने बहुत-से लोगों के रोज़मर्रा के जीवन को इस तरह सबके सामने खोल दिया है कि निजी जीवन की गोपनीयता को अक्सर महत्वहीन समझा जाता है। जानकारी के प्रसार और निजता के अधिकार के संबंध में नीचे कुछ दिशानिर्देश दिए गए हैं।
निजता का अधिकार: निजता के अधिकार का सीधा-सा अर्थ यह है कि हर किसी को हमारे और हमारे निजी जीवन के बारे में सब कुछ जानने का अधिकार नहीं है। यहाँ तक कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों, जैसे राजनेताओं, का निजी जीवन भी निजी ही रखा जाना चाहिए।
इसका एक सबसे स्पष्ट उदाहरण पापस्वीकार का संस्कार है। पापस्वीकार की गोपनीयता का बंधन पूर्ण है। इसका अर्थ है कि ऐसी कोई भी परिस्थिति नहीं है जिसमें पापस्वीकार सुनने वाला पुरोहित किसी व्यक्ति के पापस्वीकार की बातें प्रकट कर सके। यह केवल संस्कार से संबंधित कलीसिया का नियम ही नहीं है; यह निजता के ईश्वर-प्रदत्त अधिकार को भी प्रकट करता है। बहुत-सी बातें ऐसी हैं जिन्हें जानने का अधिकार केवल ईश्वर को है। हमारे जीवन की कुछ अन्य बातें ऐसी हैं जिनकी जानकारी परिवार के निकट सदस्यों और मित्रों को दी जानी चाहिए। और हमारे निजी जीवन के केवल कुछ ही पहलू ऐसे हैं जिन्हें जानने का अधिकार सभी को होना चाहिए।
जब सबकी भलाई के लिए हमारे निजी जीवन की कुछ बातें जानना आवश्यक हो, तब इन तथ्यों को साझा करना उचित है। उदाहरण के लिए, यदि कोई एकांत में हत्या करता है, तो सबकी भलाई के लिए इस कृत्य को सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
पेशागत गोपनीय बातें: पेशे से जुड़ी ऐसी कई परिस्थितियाँ होती हैं जिनमें गोपनीयता बनाए रखना लोगों का कर्तव्य होता है। इन मामलों में सच्चाई सार्वजनिक प्रसार के लिए नहीं होती। उदाहरण के लिए, चिकित्सक को चिकित्सा संबंधी अभिलेख गोपनीय रखने चाहिए। इसी तरह, सरकार में काम करने वालों को दूसरों की अच्छी प्रतिष्ठा या सबकी भलाई की रक्षा के लिए कुछ अंदरूनी तथ्य गोपनीय रखने पड़ सकते हैं। ऐसे और भी कई उदाहरणों की तरह, हर किसी को हर व्यक्ति या हर परिस्थिति के बारे में सब कुछ जानने का अधिकार नहीं है। इन मामलों में गोपनीयता बनाए रखना आठवीं आज्ञा की माँग है।
मीडिया: मीडिया का काम सच्चाई का प्रसार करके सबकी भलाई की सेवा करना है। उसका दायित्व है कि वह जनता के साथ ऐसी बातें साझा करे जो सभी के हित और भलाई में हों। फिर भी, सार्वजनिक रूप से सच्चाई साझा करने के अपने अधिकार का उपयोग उसे इस तरह करना चाहिए कि व्यक्ति के अधिकारों और निजता के अंतर्निहित अधिकार का हनन न हो।
इसके अलावा, मीडिया का कर्तव्य है कि वह पूरी सच्चाई का प्रसार करे, केवल आधी-अधूरी सच्चाइयों का नहीं। समाचार प्रस्तुत करने के एक गलत तरीके को “कुछ बातें छोड़कर विवरण देना” कहा जाता है। इसमें कुछ तथ्यों को छोड़कर “बात छिपाने के द्वारा झूठ बोलना” शामिल है, या फिर लापरवाही के कारण किसी गलतफ़हमी को दूर न करना। जब मीडिया पूरी सच्चाई प्रस्तुत नहीं करता या किसी गलतफ़हमी को दूर नहीं करता, तब उससे जुड़े लोग आठवीं आज्ञा तोड़ने के दोषी होते हैं।
उच्चतम सीमा: कला, सौंदर्य और सत्य की खोज
अंत में, एक और विचार सच्चाई की खोज से जुड़ा है। आठवीं आज्ञा केवल झूठ बोलने से बचने के बारे में नहीं है; यह स्वयं सत्य की खोज करने के बारे में भी है।
अंग्रेज़ी में बड़े “T” से लिखे जाने वाले “Truth”, अर्थात परम सत्य, की अंतिम परिभाषा एक व्यक्ति है—एक ईश्वरीय व्यक्ति। और वह व्यक्ति येसु ख्रीस्त हैं, तथा सत्य में वह सब भी शामिल है जो उन्होंने हम पर प्रकट किया है। सत्य की खोज करने का अर्थ है स्वयं येसु को खोजना। सबसे पहले और सबसे बढ़कर, यह सुसमाचार में प्रवेश करने और हमारे विश्वास की अनेक सच्चाइयों को खोजने का निर्णय लेने से पूरा होता है। जब हम अपने विश्वास को गहरा करने में आलस्य करते हैं, तब हम इस आज्ञा को तोड़ते हैं। जब हम अपने विश्वास की अनेक सच्चाइयों को खोजते हैं और पूरे हृदय से उनमें प्रवेश करते हैं, तब हम इस आज्ञा को पूरा करते हैं।
सत्य सुंदरता में भी प्रकट होता है। और सुंदरता कई रूपों में मिलती है। वह प्रकृति में, प्रत्येक व्यक्ति में, संगीत में, पवित्र कला आदि में मिलती है। इसलिए यह आज्ञा हमें ऐसी वास्तविक सुंदरता खोजने के लिए बुलाती है जो केवल व्यक्तिगत पसंद पर निर्भर नहीं है।
उदाहरण के लिए, पवित्र कला सच्ची सुंदरता का प्रतिबिंब है। इसलिए, जहाँ तक पवित्र कला सच्ची सुंदरता को प्रतिबिंबित करती है, उसे बढ़ावा देना हमारा कर्तव्य है। अतः कलाओं को समाज तथा संस्कृति और मानव जीवन के स्वस्थ विकास के एक महत्वपूर्ण अंग के रूप में सम्मान दिया जाना चाहिए। लेकिन कलाओं का उपयोग बुराई के लिए भी किया जा सकता है। कला अपने आप में आत्म-अभिव्यक्ति का एक तटस्थ साधन है, और साथ ही वस्तुगत वास्तविकताओं को व्यक्त करने का माध्यम भी। उदाहरण के लिए, कला अराजकता और भ्रम की अव्यवस्था को व्यक्त कर सकती है, या वह स्वर्ग की सुव्यवस्था अथवा प्रकृति की सुंदरता को व्यक्त कर सकती है। ख्रीस्तीय होने के नाते, हमारा कर्तव्य है कि हम ईश्वर की महिमा और मानवीय आत्मा की ताज़गी के लिए कला का उपयोग करें।
व्यावहारिक विचार
आइए, एक बार फिर उन तरीकों पर विचार करें जिनसे आठवीं आज्ञा का उल्लंघन घोर पाप बन जाता है, ताकि हम उन तरीकों को भी समझ सकें जिनसे इस आज्ञा का उल्लंघन लघु पाप होता है।
गंभीर विषय-वस्तु: झूठी जानकारी के किसी भी सीधे प्रसार को गंभीर माना जा सकता है, जब उसके गंभीर परिणाम होते हैं। इसे निश्चित शब्दों में परिभाषित करना कठिन हो सकता है, इसलिए अंततः इसका निर्धारण विशिष्ट परिस्थितियों पर निर्भर करता है।
आइए एक चरम उदाहरण लें, जिस पर हम प्राणघातक पाप के अन्य दो कारकों को भी लागू करेंगे। मान लीजिए, किसी व्यक्ति को काम के दौरान किसी दूसरे की धोखाधड़ी का पता चलता है। मान लें कि यह धोखाधड़ी किसी अन्य कर्मचारी द्वारा नियोक्ता के पैसे चुराना है। फिर नियोक्ता उस व्यक्ति से पूछता है जिसे इस गतिविधि का पता चला है कि क्या कोई गड़बड़ी नज़र आई है। चूँकि चोरी करने वाले कर्मचारी से उस व्यक्ति की मित्रता है, इसलिए जवाब में झूठ कहा जाता है कि हिसाब-किताब ठीक दिख रहा है।
चोरी पर पर्दा डालने का यह कृत्य झूठ है और पापपूर्ण है। जिसे चोरी का पता चला था, उस व्यक्ति का कर्तव्य था कि वह इसकी सूचना दे, और उस पर पर्दा डालना आठवीं आज्ञा का उल्लंघन था। वास्तव में, यह कहना उचित है कि पर्दा डालने के लिए बोला गया झूठ गंभीर विषय-वस्तु है।
पूर्ण ज्ञान: यदि ऊपर बताए गए व्यक्ति को, जिसे चोरी का पता चलता है, निश्चित रूप से मालूम है कि उसके मित्र ने पैसे चुराए हैं, तो बहुत संभव है कि सच्चाई छिपाने में वह इस पूरे ज्ञान के साथ भी दोषी हो कि ऐसा करना झूठ है। यदि कोई ऐसी परिस्थितियाँ हों जो दोष को कम करती हैं, तो किस प्रकार की परिस्थितियाँ सच्चाई छिपाने के उसके व्यक्तिगत दोष को वास्तव में कम कर सकती हैं? दो बातें ध्यान में आती हैं: पहली, यदि उस व्यक्ति को पूरी तरह यकीन नहीं है कि चोरी हुई थी, तो हो सकता है कि वह सच्चाई छिपाने का पूरी तरह दोषी न हो और इसलिए, यदि वह अपनी जानकारी प्रकट नहीं करता, तो हो सकता है कि वह झूठ बोलने का भी पूरी तरह दोषी न हो। दूसरी, यदि किसी कारण से वह व्यक्ति इस निष्कर्ष पर पहुँचता है कि चोरी “इतनी बड़ी बात नहीं थी,” तो हो सकता है कि उसे पूरी तरह यह ज्ञान न हो कि इसकी सूचना देना उसका कर्तव्य है। उदाहरण के लिए, मान लीजिए कि वह “चोरी” ऐसा काम है जो हर कोई करता है और हर किसी को मालूम है कि सब ऐसा करते हैं। संभव है कि इससे वह व्यक्ति इतना भ्रमित हो जाए कि वह इस निष्कर्ष पर पहुँचे कि यह कोई बड़ी बात नहीं थी और उसे इसकी सूचना देने की ज़रूरत नहीं है।
इस मामले में, जैसा कि सभी आज्ञाओं के संबंध में होता है, सत्य छिपाने वाले व्यक्ति का भ्रम उचित नहीं है। फिर भी, यह भ्रम उसकी व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी को इतना कम कर सकता है कि वह अब प्राणघातक पाप न रहकर केवल लघु पाप हो। इससे सत्य छिपाना या झूठ बोलना सही नहीं हो जाता; इससे केवल उस व्यक्ति के कार्यों की गंभीरता कम होती है।
इच्छा की पूर्ण सहमति: ऊपर दिए गए उदाहरण को आगे बढ़ाते हुए, मान लीजिए कि कर्मचारी को पता चलता है कि उसका मित्र चोरी कर रहा है और वह उससे इस बारे में सीधे बात करता है। चोरी करने वाला मित्र रोते हुए अपनी दुखभरी कहानी सुनाता है कि उसने पैसे क्यों चुराए, और कहता है कि उसे बहुत पछतावा है। वह अपनी पत्नी और बच्चों की खातिर अपने मित्र से विनती करता है कि वह किसी को न बताए। नतीजतन, उसका मित्र उसे मुसीबत में पड़ने से बचाने के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करता है और झूठ बोलता है।
यह उचित नहीं है, लेकिन उस भावनात्मक स्थिति और अपने मित्र के भविष्य को लेकर डर के कारण उसके बोले गए झूठ की नैतिक ज़िम्मेदारी कम हो सकती है। उसे सही काम करना चाहिए और झूठ बोलने से अवश्य बचना चाहिए, लेकिन परिस्थिति ऐसी हो सकती है कि वह प्राणघातक पाप के बजाय केवल लघु पाप हो।
लघु पाप: ऊपर दिया गया उदाहरण, पिछले अध्यायों के उदाहरणों की तरह, पाप और नैतिक दोष की जटिलता को प्रकट करता है। ईश्वर सब कुछ देखते हैं और हमें पवित्र जीवन जीने के लिए बुलाते हैं, तब भी जब ऐसा करना कठिन हो। साथ ही, ईश्वर उन अनेक कारणों को भी देखते हैं जो हमारे गलत निर्णयों में योगदान देते हैं, और उन्हीं के अनुसार न्याय करेंगे।
निष्कर्ष
आशा है कि पिछले अध्यायों के इन चिंतनों ने नैतिक जीवन की एक तस्वीर सामने रखने में मदद की है। नैतिकता ईश्वर द्वारा प्रकट की गई है और हमें हर दिन उसके अनुसार चलने का प्रयास करना चाहिए। पाप किसी भी क्षण सामने आ सकता है। इसलिए हमें सदैव सद्गुणों को विकसित करने का प्रयास करना चाहिए, ताकि पाप से बचने के लिए उचित सुरक्षा तैयार कर सकें और जीवन में पवित्रता की खोज करने की आदतें डाल सकें।
जो भी अध्याय आपको विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण लगा हो, उसे फिर से पढ़ें। उस पर मनन करें, उसे लेकर प्रार्थना करें और अच्छा नैतिक जीवन जीने के लिए ईश्वर की कृपा माँगें। नैतिकता, पवित्रता और सुख की तीन बुनियादी कुंजियों में से एक है। पहली कुंजी विश्वास है (जैसा कि इस शृंखला की पहली पुस्तक में समझाया गया है), दूसरी कुंजी आराधना है (जैसा कि इस शृंखला की दूसरी पुस्तक में समझाया गया है) और तीसरी कुंजी नैतिकता है। अच्छा नैतिक आचरण, विश्वास और आराधना से भरे जीवन का फल है। अपने विश्वास और आराधना को स्वयं को एक पवित्र और नैतिक रूप से ईमानदार व्यक्ति में बदलने दें। इससे आपके जीवन में और उन लोगों के जीवन में अच्छे फल उत्पन्न होंगे, जिनसे प्रेम करने और जिनकी सेवा करने के लिए आपको बुलाया गया है; इन फलों के लिए आप सदा कृतज्ञ रहेंगे।
ई-बुक और पेपरबैक में भी उपलब्ध
Amazon.com – गूगल प्ले – आईट्यून्स – बार्न्स एंड नोबल

इस शृंखला की अन्य पुस्तकें:
